झांसी। बबीना ब्लॉक से क्षेत्र पंचायत सदस्य संतोष यादव शनिवार तड़के घर से बाहर अचेत हाल में पड़े मिले।
झांसी में शनिवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। परिजनों ने एक्सीडेंट में मौत होना बताया था। मगर, शाम को हुए पोस्टमार्टम में शरीर पर चोट नहीं मिली। डॉक्टर ने दिल और बिसरा जांच के लिए भेजा है। आशंका है कि उनकी मौत हार्ट अटैक होने से हुई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।
डगरवाहा गांव निवासी संतोष यादव उर्फ बबलू (40) पुत्र कम्मोद बबीना ब्लॉक से क्षेत्र पंचायत सदस्य था। ग्राम प्रधान एवं परिजन रहीश यादव ने बताया कि संतोष घर के बाहर अपनी दुकान भी चलाता था। शनिवार तड़के करीब 4 बजे वह अपनी दुकान खोलने के लिए साफ सफाई कर रहा था। उनका दावा है कि तेज रफ्तार अज्ञात कार ने संतोष यादव को टक्कर मार दी और भाग गई। हादसे के बाद वे झाड़ियों में गिर गए। करीब डेढ़ घंटे बाद पत्नी सुख देवी बाहर आई तो हादसे का पता चला। आसपास के लोगों की मदद से संतोष को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि पोस्टमार्टम में शरीर पर कोई चोट नहीं मिली। संतोष की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। संतोष काफी मिलनसार व्यक्ति थे, इसलिए उनकी क्षेत्र में काफी पकड़ थी। संतोष की 10 साल की एक बेटी आसी और 8 साल का बेटा कार्तिक है। दोनों बच्चे पढ़ते हैं। मां का नाम पुख्खन देवी है। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है।
मामले में रक्सा थानाध्यक्ष परमेंद्र सिंह का कहना है कि पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। पहले हार्ट अटैक की सूचना आई थी। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।
What's Your Reaction?