पत्नी बॉयफ्रेंड के साथ भागी, पति ने किया सुसाइड : बहन को फोन कर खूब रोया, कहा-बच्चे-गहने सबकुछ ले गई, जिंदा रहकर क्या करूंगा
'पत्नी का मायके में एक युवक से अफेयर था। वो दोनों बेटों और ढाई लाख रुपए के गहने लेकर भाग गई। उसने धोखा दिया है। मैं अब जिंदा रहकर क्या करूंगा? मुझे अब नहीं जीना है। मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं।' ये बातें आज झांसी में सुसाइड करने वाले नरेंद्र ने कही। उसने मरने से पहले अपनी बहन को फोन किया और रोते हुए अपना दुख व्यक्त किया। पूरा मामला सदर थाना क्षेत्र के भट्टागांव का है।
कमरे में फंसे लटका मिला शव
पुलिस के अनुसार- नरेंद्र उर्फ अमीचंद अहिरवार (31) का शव शुक्रवार को कमरे में फंदे से लटकता मिला है। वह सदर थाना क्षेत्र के भट्टागांव का रहने वाला था।किराएदार का बेटा सुबह किसी काम से उससे मिलने पहुंचा तो उसने शव को देखा। वह चीखने चिल्लाने लगा। तब परिजन दौड़े। देखा तो नरेंद्र की मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
4 महीने पहले बॉयफ्रेंड के साथ भाग गई
नरेंद्र के बड़े भाई खेमचंद ने बताया- हम लोग तीन भाई और दो बहन हैं। नरेंद्र सबसे छोटा था। उसकी शादी 5 साल पहले झांसी की रहने वाली मंजू से हुई थी। उनके छोटे-छोटे दो बेटे हैं।
नरेंद्र रेल कारखाने में प्राइवेट तौर पर काम करता था। मंजू का अपने मायके में एक युवक से अफेयर था। जिसका हम लोगों को पता नहीं था। करीब 4 महीने पहले मंजू अपने बॉयफ्रेंड के साथ भाग गई। साथ में दोनों बेटों और ढाई लाख रुपए के गहने भी ले गई। इसके बाद उसके अफेयर का पता चला।
बहनों से रोते हुए बोला- बच्चों की बहुत याद आती है
बड़े भाई खेमचंद ने बताया- मेरा भाई नरेंद्र अपने दोनों बच्चों को बहुत चाहता था। पत्नी दोनों बेटों को भी अपने साथ ले गई। 4 महीने से पत्नी और बच्चों का कोई सुराग नहीं लगा। थाने में भी गुमशुदगी दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस भी उनको नहीं ढूंढ़ सकी। इससे नरेंद्र डिप्रेशन में रहने लगा था। वह दिन-रात बच्चों के लिए रोता था। गुरुवार को वह काम पर गया था। शाम करीब 6 बजे लौटकर घर आया। फिर अपनी दोनों बहनों से फोन पर बात की। वो खूब रोया। कहा- वो बच्चों और गहने भी ले गई। हमें बच्चों की बहुत याद आती है। बहनों ने समझाकर फोन काट दिया।
बहनों से बात करने के बाद लगाई फांसी
बहनों से बात करने के बाद नरेंद्र ने कमरे में पंखे पर गमछा से फंदा बनाया और लटक गया। थोड़ी देर बाद किराएदार का बेटा पहुंचा तो उसने लाश देखकर शोर मचाया तो हमें मौत की जानकारी हुई। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घरवालों से बात कर घटना की जानकारी ली। उसके बाद मामले की जांच में जुट गई। नरेंद्र के सुसाइड करने के बाद परिजन सदमे में हैं।
What's Your Reaction?