यूपी में पत्नी की शादी प्रेमी से करवाई: 4 दिन बाद वापस लाया, बोला-मुझसे गलती हो गई थी

संतकबीर नगर में 25 मार्च को एक युवक ने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करा दी। लेकिन, इसके चौथे दिन 28 मार्च को ही इस कहानी में ट्विस्ट आ गया। युवक पत्नी की नई ससुराल पहुंचा और उसे वापस भेजने की गुहार करने लगा। युवक की हालत देखकर दूसरे पति ने पत्नी को उसके साथ भेज दिया। यह अनोखी लव स्टोरी इन दिनों काफी चर्चा में है। जितनी बातें बाहर आई हैं, उससे कहीं ज्यादा बातें गांव में ही रह गईं। पति को आखिर शादी करवाने की जरूरत क्यों पड़ी? जब थाने में शादी हो रही थी, तो पुलिस ने रोका क्यों नहीं? दूसरे पति और महिला का रिलेशन कितना पुराना है? आखिर ऐसा क्या हुआ कि पत्नी वापस चली आई?ऐसे और कई सवालो के जवाब आप जाने यहां-

Apr 1, 2025 - 16:19
 0  6
यूपी में पत्नी की शादी प्रेमी से करवाई: 4 दिन बाद वापस लाया, बोला-मुझसे गलती हो गई थी

8 साल पहले धूमधाम से हुई थी पहली शादी

जोत गांव में बबलू का घर है। वह ई-रिक्शा चलाते हैं। पिता और बड़े भाई किसान हैं। गांव के एक किनारे 3 कमरों का एक घर है, जिस पर अभी प्लास्टर नहीं हुआ है। 2017 में बबलू की शादी गोरखपुर में रहने वाली राधिका से हुई। शादी धूमधाम से हुई थी। इसके बाद साल 2018 में उनके घर में बेटे का जन्म हुआ। फिर 2020 में बेटी पैदा हुई। बबलू की उम्र इस समय 34 साल है, जबकि राधिका की 32 साल।  बबलू की लाइफ ठीक चल रही थी, लेकिन 2021 में गांव में ही रहने वाले विकास की नजर राधिका पर पड़ी। विकास का घर राधिका के घर से महज 100 मीटर दूर है। दोनों अगर छत पर खड़े हैं, तो एक-दूसरे को साफ-साफ नजर आ जाएंगे।

विकास को राधिका पसंद आ गई। राधिका को भी विकास भाने लगा। विकास उस वक्त 17 साल का था। वह अक्सर राधिका के घर आने-जाने लगा। शुरुआत में घरवालों को यह सब नॉर्मल लगा। लेकिन एक वक्त के बाद घरवालों ने आपत्ति शुरू कर दी। इसके बाद विकास का राधिका के घर आना कम हो गया। लेकिन, दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हो गई।
गांव के लोग बताते हैं- विकास के पिता की मौत बहुत पहले हो गई थी। इसके बाद से उस पर अंकुश लगाने वाला कोई नहीं था। वह गांव में ही इधर-उधर घूमा करता था। मां गायत्री समझाती भी, तो वह समझता नहीं था। विकास और राधिका के रिश्ते को लेकर अब गांव के लोगों में चर्चा होने लगी। दोनों परिवारों के बीच झगड़ा भी हुआ।

इसकी वजह से विकास अब राधिका के घर की तरफ नहीं आता था। लेकिन, फोन पर बात करने के लिए विकास ने राधिका को एक सिम दिया था। एक-दो बार बबलू ने राधिका को विकास से बात करते हुए पकड़ा भी था। जब भी बबलू को यह सब पता चलता, वह पत्नी को पीटता था।

17 साल की उम्र में प्यार हुआ, 21 की उम्र में भगा ले गया

अब विकास 21 साल का हो गया है। 20 मार्च, 2025 को वह राधिका को लेकर घर से भाग गया। राधिका घर में रखे कुछ पैसे भी अपने साथ ले गई और दोनों बच्चों को बबलू के घर में ही छोड़ दिया। पत्नी के घर से भागने के बाद बबलू धनघटा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की और विकास तक पहुंच गई। 4 दिन बाद विकास और राधिका वापस आ गए। लेकिन, सीधे गांव न आकर, थाने पहुंचे। वहां बबलू अपने भाई हीरा और अन्य लोगों के साथ मौजूद था।

थाने में पत्नी की शादी प्रेमी से करवा दी

थाने में बहुत सारे पुलिस वाले थे। बबलू के परिवार के लोग भी थे। सब यही कह रहे थे कि अगर इसके साथ भागकर गई है, तो इसी से इसकी शादी करवा दो।थाने में यह सब हो रहा था, तभी बबलू के परिवार की तरफ से कुछ लोग धनघटा तहसील पहुंचे और वहां शपथ पत्र बनवा लिया। इस हलफनामे में लिखवाया-मैं अपनी मर्जी से अपनी पत्नी राधिका की शादी उसके प्रेमी विकास से कर रहा हूं। दोनों बच्चों को मैं अपने पास रखूंगा। जिससे राधिका को नए जीवन की शुरुआत करने में कोई दिक्कत न आए।

बबलू ने शपथ पत्र पर साइन किया। जो और लोग थे, उन्होंने भी सिग्नेचर किया। फिर थाने के ही मंदिर में 25 मार्च को दोनों की शादी करवा दी गई।

शादी के 4 दिन बाद ही पत्नी को लाने पहुंच गया

बबलू ने राधिका की शादी विकास से करवा दी और वापस अपने घर चला आया। दूसरी तरफ, विकास राधिका को लेकर अपने घर पहुंचा। परिवार में दादी और मां ने बहू का स्वागत किया। उसके लिए एक कमरा दिया। कमरे को कपड़े की डिजाइन से सजाया भी गया। इन सब बातों के 4 दिन बीत गए। गांव में चर्चा है कि पत्नी की शादी कराने के बाद बबलू को अपने परिवार को संभालना मुश्किल लग रहा था। वह बच्चों के चलते अपने काम पर नहीं जा पा रहा था। छोटे-छोटे बच्चे बार-बार मां के बारे में पूछ रहे थे।28 मार्च की रात बबलू विकास के घर पहुंच गया। वहां उसकी मां गायत्री से कहने लगा- मैंने लोगों के बहकावे में आकर दोनों की शादी करवा दी। लेकिन, अब हमको लग रहा है कि हमारे बच्चे बर्बाद हो जाएंगे। इसलिए मैं अपनी पत्नी को वापस ले जाना चाहता हूं।

इसके बाद मौके पर ही आसपास के लोग जुट गए। यह मामला चर्चित हो गया है, इसलिए लोगों ने कहा कि जो कुछ भी कहना है वह वीडियो पर कहिए। इसके बाद पत्नी को लेकर जाइए। बबलू अपनी पत्नी राधिका के बगल खड़े होकर अपना नाम और पिता का नाम बताता है। फिर कहता है कि राधिका की शादी हमने जबरदस्ती करवाई। 2 दिन बाद हमें पता चला कि वह निर्दोष है। अब मैं इसे वापस लेकर जा रहा हूं। अगर इस पर आगे कोई कष्ट आएगा, तो हमारी जिम्मेदारी होगी। हम परिवार के साथ आराम से रहेंगे।

बच्चों के चलते ही मुझे दया आई

विकास की मां गायत्री कहती हैं- मैं भी राधिका को यही समझा रही थी कि तुम्हारे दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। उन बच्चों के खातिर वापस चली जाओ। वह भी यह सब समझती थी, लेकिन इतनी गलती हो गई थी कि उसे कुछ समझ नहीं आ रहा था। मुझे बच्चों पर दया आई।फिलहाल गांव में तरह-तरह की चर्चा चल रही है। मीडिया के तमाम लोग लगातार पहुंच रहे हैं। इसके चलते बबलू, राधिका और विकास अपने घर पर नहीं हैं। इन लोगों के घर पर जो लोग हैं, वो भी बात करने को तैयार नहीं हैं। गांव के लोग ऑफ कैमरा तो सब कुछ बताते हैं, लेकिन कैमरे पर नहीं बोलते। स्थिति सामान्य होने पर संभव है कि तीनों अपने घर लौटें। राधिका के दोनों बच्चे गांव में ही हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Anil chirolya Main Anil, Teesri Aankh ki website manager hoon. Mera kaam website ko safaltapurvak chalana aur Bundelkhand ki taza news aur updates ko logon tak pahuchana hai.